देहरादून

ऑनलाइन स्व-जनगणना में तकनीकी खामियों से आम नागरिक परेशान, खुर्शीद अहमद सिद्दीकी ने उठाए सवाल* 

ऑनलाइन स्व-जनगणना में तकनीकी खामियों से आम नागरिक परेशान, खुर्शीद अहमद सिद्दीकी ने उठाए सवाल

 

 

देहरादून। आगामी जनगणना की स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया में तकनीकी समस्याओं को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। देहरादून निवासी खुर्शीद अहमद सिद्दीकी ने ऑनलाइन स्व-जनगणना के दौरान सामने आई कई तकनीकी खामियों की ओर संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग की है कि ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ-साथ घर-घर जाकर पारंपरिक तरीके से जनगणना कराने की व्यवस्था भी समानांतर रूप से शुरू की जाए।

इस संबंध में जनगणना अधिकारी को राज्य निर्वाचन आयोग के माध्यम से भेजे गए अपने पत्र में खुर्शीद अहमद सिद्दीकी ने बताया कि उन्होंने 16 तारीख को मोबाइल के जरिए स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उन्हें कई तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन फॉर्म में माता-पिता की जन्मतिथि जैसी जानकारियां मांगी जा रही हैं, जबकि जिन लोगों के माता-पिता का निधन हो चुका है, उनके लिए ऐसी जानकारी उपलब्ध कराना मुश्किल हो सकता है।

उन्होंने जाति संबंधी विकल्पों को लेकर भी सवाल उठाए। इसके अलावा कार्य और पिछले वर्ष के रोजगार से संबंधित विवरण भरने के बाद उन्हें सेव करने तथा आगे बढ़ने में परेशानी हुई। कई बार प्रयास करने के बावजूद फॉर्म आगे नहीं बढ़ सका और प्रक्रिया बीच में ही अटक गई।

खुर्शीद अहमद सिद्दीकी का कहना है कि यदि एक सामान्य मोबाइल उपयोगकर्ता को स्व-गणना के दौरान इतनी तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, तो ग्रामीण क्षेत्रों और उन लोगों के लिए यह प्रक्रिया और भी कठिन हो सकती है, जिनके पास लैपटॉप, बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी या तकनीकी जानकारी उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने की अपील की है। साथ ही सुझाव दिया है कि डिजिटल स्व-गणना के साथ-साथ विभाग द्वारा नियुक्त कर्मचारियों के माध्यम से भौतिक रूप से घर-घर जाकर जनगणना कराने की व्यवस्था भी शुरू की जाए, ताकि कोई भी नागरिक तकनीकी कारणों से जनगणना प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इन समस्याओं पर कितना शीघ्र संज्ञान लेता है और आम नागरिकों की सुविधा के लिए क्या कदम उठाता है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *