उत्तराखंड अपने मूल सपनों से भटका, पर्यावरण संकट, पलायन और महिला असुरक्षा गंभीर चुनौती: नेहा बोरा*

उत्तराखंड अपने मूल सपनों से भटका, पर्यावरण संकट, पलायन और महिला असुरक्षा गंभीर चुनौती: नेहा बोरा
*आइसा के सातवें राज्य सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना, अंकिता भंडारी हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के जज की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग*
देहरादून। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान जिस उत्तराखंड का सपना लेकर लोग सड़कों पर उतरे थे, आज प्रदेश उस मूल उद्देश्य से भटकता नजर आ रहा है। पर्यावरण संकट, लगातार बढ़ता पलायन, महिलाओं की असुरक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले प्रदेश की गंभीर चुनौतियां बन चुके हैं।
आइसा के सातवें राज्य सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेहा बोरा ने कहा कि उत्तराखंड के कई गांव प्राकृतिक आपदाओं और भू-धंसाव की चपेट में हैं। पीढ़ियों से बसे लोग अपने घरों को छोड़ने के लिए मजबूर हो रहे हैं। बादल फटने और भारी बारिश जैसी घटनाओं से गांवों को भारी नुकसान पहुंच रहा है, लेकिन पर्यावरण संरक्षण और प्रभावित ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सरकार की ओर से ठोस जवाब सामने नहीं आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता देने के कारण पर्यावरण और आम जनता की जिंदगी को खतरे में डाला जा रहा है।
नेहा बोरा ने सामाजिक सौहार्द और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देशभर में दलितों और मुसलमानों के खिलाफ नफरत तथा हिंसा को सामान्य बनाने की कोशिशें हो रही हैं और उत्तराखंड भी इससे अछूता नहीं है। अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार और प्रदेश की जनता लंबे समय से संघर्ष कर रही है। मामले में प्रभावशाली लोगों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के आरोप और पीड़िता के चरित्र पर सवाल उठाने की कोशिशें बेहद चिंताजनक हैं।
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। फॉर्म संख्या सात और आठ के माध्यम से पर्याप्त जानकारी और पारदर्शिता के बिना मतदाता सूची में बदलाव किए जाने से आम नागरिकों के मतदान के अधिकार पर संकट पैदा हो सकता है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद पर हमला करार दिया।
उन्होंने कहा कि जमीनों पर कब्जे, पर्यावरण विनाश, महिला सुरक्षा और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ चल रहे जनसंघर्षों में आइसा मजबूती से साथ खड़ा है। संगठन युवाओं और छात्रों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।
सम्मेलन में भाकपा माले के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी, नैनीताल जिला सचिव कैलाश पांडे, अभिज्ञान, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष शिवांक नौटियाल, प्रियंका खत्री, धीरज और प्रीति वर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।
अंकिता के माता-पिता ने फिर उठाई न्याय की मांग
इस बीच अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उनके माता-पिता ने एक बार फिर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग तेज कर दी है। अंकिता के पिता ने मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई से कराने की मांग की है। उन्होंने आरोपियों की लोकेशन की जांच कराने और उनका नार्को टेस्ट कराए जाने की मांग भी उठाई।
वहीं, अंकिता की मां ने आरोप लगाया कि हत्याकांड के शुरुआती दौर से ही साक्ष्यों को मिटाने के प्रयास किए गए। उन्होंने उस व्यक्ति को लेकर भी सवाल उठाए, जिस पर कथित वीआईपी होने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। उनका आरोप है कि जिस व्यक्ति को लेकर मामले में सवाल उठे थे, उसे राज्यपाल बना दिया गया।
अंकिता के माता-पिता की मांग और आइसा सम्मेलन में उठे सवालों ने एक बार फिर उत्तराखंड में महिला सुरक्षा, राजनीतिक जवाबदेही और न्याय व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है।






