पशु चिकित्सक डॉ. रोहित सिंह की सूझबूझ से बची बकरे की जान, डेढ़ घंटे तक चला जटिल ऑपरेशन

पशु चिकित्सक डॉ. रोहित सिंह की सूझबूझ से बची बकरे की जान, डेढ़ घंटे तक चला जटिल ऑपरेशन
रुड़की (आरिफ नियाज़ी)। क्षेत्र के पशु चिकित्सक डॉ. रोहित सिंह ने अपनी सूझबूझ, अनुभव और कुशल चिकित्सा के जरिए गंभीर रूप से बीमार एक बकरे को नया जीवन दिया है। करीब डेढ़ घंटे तक चले जटिल ऑपरेशन के बाद बकरे की जान बचाने में सफलता मिली। इस कामयाबी से जहां पशुपालक किसान ने राहत की सांस ली, वहीं डॉ. रोहित सिंह और उनकी टीम के प्रयासों की भी सराहना हो रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ढंडेरा निवासी एक किसान के बकरे की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। बकरे को पेशाब आना बंद हो गया था, जिसके चलते उसकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही थी। बकरे की हालत देखकर घबराए किसान ने आनन-फानन में उसे कस्बे के ही एक कथित झोलाछाप पशु चिकित्सक के पास पहुंचाया। आरोप है कि वहां दी गई दवा से बकरे को कोई फायदा नहीं हुआ, बल्कि उसकी हालत और अधिक गंभीर हो गई।
बताया जा रहा है कि उपचार के दौरान बकरे की पित्त की थैली में गंभीर जटिलता उत्पन्न हो गई और उसकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई। बकरे की जान पर बन आई तो कुछ स्थानीय युवक उसे तत्काल रुड़की ब्लॉक स्थित पशु चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां पशु चिकित्सक डॉ. रोहित सिंह ने उसका बारीकी से परीक्षण किया।
डॉ. रोहित सिंह ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बेहद सावधानी और कुशलता के साथ ऑपरेशन किया। आखिरकार ऑपरेशन सफल रहा और बकरे की हालत में सुधार होने लगा। चिकित्सक की मेहनत और समय पर किए गए उपचार से बकरे की जान बच गई।
किसान के लिए यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं था। जिस बकरे को लेकर वह बेहद चिंतित था, उसे सुरक्षित देखकर उसके चेहरे पर खुशी लौट आई। स्थानीय युवकों ने भी डॉ. रोहित सिंह और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की।
इस घटना ने पशुपालकों को एक बार फिर यह महत्वपूर्ण संदेश दिया है कि पशुओं की गंभीर बीमारी के दौरान बिना योग्यता वाले लोगों से उपचार कराना जोखिम भरा हो सकता है। पशुओं की तबीयत बिगड़ने पर कथित झोलाछाप लोगों के बजाय योग्य एवं पंजीकृत पशु चिकित्सकों से ही इलाज कराना चाहिए, ताकि समय रहते सही उपचार मिल सके और बेजुबान पशुओं की जान बचाई जा सके।







