
7.20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में मंगलौर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
मंगलौर (फरमान खान)। एप्रो ग्लोबल कंपनी को उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में प्लांट स्थापित कराने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का झांसा देकर 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के मामले में मंगलौर पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हरिद्वार पुलिस ने यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की है। पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संजय रावत की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस के मुताबिक, मामले में वादिया अभिलाषा की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी कि एप्रो ग्लोबल कंपनी को मुजफ्फरनगर में प्लांट स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर उनसे 7 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की रकम ली गई। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने रकम हड़प ली और जमीन उपलब्ध नहीं कराई। शिकायत के आधार पर कोतवाली मंगलौर में धारा 318(4) और 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर भगवान मेहर ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए 21 नवंबर को मुकदमे में वांछित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामिल हसन पुत्र इब्राहिम निवासी ग्राम खुड्डा, थाना छपार तथा तिलकराम उर्फ तेल्लूराम पुत्र स्वर्गीय रुमाल सिंह निवासी ग्राम तेजलहेड़ा, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
यह पुलिस टीम रही शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय रावत, अपर उपनिरीक्षक महेश चंद, उपनिरीक्षक श्याम बाबू, कांस्टेबल सुधीर कुमार, कांस्टेबल तेजपाल सिंह तथा कांस्टेबल चालक लाल सिंह शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आर्थिक अपराधों और धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





