प्रोग्रेसिव कम्युनिटी ट्रस्ट को मिला नया नेतृत्व, डॉ. रियाजुल हसन सिद्दीकी बने अध्यक्ष
नई कार्यकारिणी के गठन के साथ प्रोग्रेसिव कम्युनिटी ट्रस्ट ने तय की भविष्य की दिशा
देहरादून। प्रोग्रेसिव कम्युनिटी ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट के वाइस प्रेसिडेंट खालिद फारुकी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ट्रस्ट के मूल उद्देश्यों को अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करने, समाज के शैक्षिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। आम राय से डॉ. रियाजुल हसन सिद्दीकी को प्रोग्रेसिव कम्युनिटी ट्रस्ट का अध्यक्ष (सदर) चुना गया। इसके साथ ही खालिद फारुकी तथा एडवोकेट अशरफ हाशमी को उपाध्यक्ष (नायब सदर), डॉ. जमशेद उस्मानी को जनरल सेक्रेटरी, आरिफ सिद्दीकी को जॉइंट सेक्रेटरी, सैयद सुहेल जमीर को कन्वीनर, मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी जॉइंट सेक्रेटरी तथा एडवोकेट दानिश गजली को ऑडिटर के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रियाजुल हसन सिद्दीकी को यह अधिकार होगा कि वे ट्रस्ट के उद्देश्यों एवं जनहित के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यकता के अनुसार अन्य सदस्यों को भी विभिन्न जिम्मेदारियां सौंप सकेंगे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रियाजुल हसन सिद्दीकी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रस्ट के सदस्यों ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अपनी पूरी क्षमता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा ट्रस्ट के सभी सदस्यों को साथ लेकर समाज की बेहतरी, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के उद्देश्यों को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में प्रोग्रेसिव कम्युनिटी ट्रस्ट समाजहित के कार्यों को नई गति प्रदान करेगा और शिक्षा, सामाजिक सेवा तथा आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने की दिशा में प्रभावी पहल करेगा।




