खरगे के अपमान पर कांग्रेस का आक्रोश, देहरादून में सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

सचिवालय और पुलिस मुख्यालय घेरने पहुंचे कांग्रेसियों से पुलिस की धक्का-मुक्की, धस्माना, मदन लाल और ज्योति रौतेला समेत दर्जनों हिरासत में
देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी और हल्द्वानी में उनकी रैली के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने सचिवालय और पुलिस मुख्यालय का घेराव करने का प्रयास किया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत दर्जनों कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। सभी को शाम करीब तीन बजे रिहा कर दिया गया।
एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सचिवालय की ओर कूच कर रहे थे। सुभाष रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया।
कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई और देखते ही देखते स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकते हुए कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन में कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुलेमान अंसारी, प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर, धर्मपाल घाघट, करण घाघट, गगन चाचर, जगदीश धीमान, वीरेंद्र पोखरियाल, देवेंद्र पाल सिंह, तीरथपाल रवि, ममता सिंह, अमरजीत सिंह, सुशील राठी, विशाल मौर्य, सुनीता प्रकाश, राज आनंद, हिमांशु भट्ट, विकास चौहान, अर्जुन सोनकर, मदन डिंगिया, संजय उनियाल, शिवांशु जायसवाल, अर्जुन पासी, रॉबिन त्यागी, गोदावरी थापली और अभिषेक समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद एक संगठन द्वारा मंच पर गंगाजल का छिड़काव कर हवन-पूजन किया गया और मंच को ‘शुद्ध’ करने का प्रयास किया गया।
धस्माना ने कहा कि कांग्रेस इस घटना को केवल पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के अपमान के रूप में नहीं देखती, बल्कि इसे पूरे दलित समाज का अपमान मानती है। उन्होंने कहा कि खरगे ने गरीबी और सामाजिक भेदभाव के बीच संघर्ष करते हुए देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान हासिल किया है। ऐसे में उनका अपमान करोड़ों दलितों, वंचितों और गरीबों का अपमान है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग जारी रखेगी।
एससी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार इस मामले में दोषियों को बचा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से दो दिन पहले पुलिस को ज्ञापन देकर कथित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
मदन लाल के मुताबिक, कार्रवाई नहीं होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सचिवालय और पुलिस मुख्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगी।


