देहरादून

सेलाकुई में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत*

*सेलाकुई में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत*


प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला, जांच में जुटी पुलिस

सेलाकुई: थाना सेलाकुई क्षेत्र के मधु विहार में सोमवार को एक 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। प्रथम दृष्टया पुलिस ने मामले को पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या से जुड़ा होना बताया है। महिला की मौत की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में सनसनी फ़ैल गयी।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 10 अगस्त 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मधु विहार क्षेत्र में एक महिला ने आत्महत्या कर ली है। सूचना पर थाना सेलाकुई से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मकान मालिक चंदन कुमार निवासी मधु विहार ने पुलिस को बताया कि मृतका का नाम पूजा देवी पत्नी आशीष सिंह, निवासी ग्राम सारना, पोस्ट मसूर, थाना श्रीनगर, जनपद पौड़ी गढ़वाल, उम्र करीब 35 वर्ष है, जोकि पिछले करीब डेढ़ वर्ष से उनके मकान में किराये पर रह रही थी। बताया गया कि वह मौजूदा समय में अकेली रह रही थी, जबकि उसके साथ रहने वाला व्यक्ति प्रकाश, जिसे मृतका अपना दूसरा पति बताती थी, करीब 8-9 माह पूर्व जापान चला गया था।

मकान मालिक के अनुसार, पूजा देवी को अंतिम बार 9 अगस्त को करीब दोपहर 1 बजे देखा गया था। अगले दिन दोपहर करीब 2-3 बजे तक जब वह दिखाई नहीं दी तो मकान मालिक अपनी पत्नी के साथ उसके कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर दरवाजे को धक्का दिया गया, जिससे वह खुल गया। अंदर जाकर देखा तो पूजा देवी कमरे के फर्श पर बेसुध अवस्था में पड़ी थी। उसके गले में रस्सी लगी हुई थी तथा पंखे पर भी रस्सी का एक टुकड़ा लटका हुआ मिला। पुलिस द्वारा मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक सबूत इकठ्ठा किये गए। इसके बाद मृतका के शव को मोर्चरी विकासनगर में सुरक्षित रखवाया गया है। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है।

पुलिस के अनुसार, रात अधिक हो जाने के कारण मौके पर पंचनामा की कार्रवाई नहीं की जा सकी। नियमानुसार पंचनामा भरने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य जांच के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह के कारण आत्महत्या से संबंधित प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच जारी है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *