उत्तराखंड

लक्सर में 251 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह, एक ही मंच पर गूंजे वेद मंत्र और निकाह की दुआएं

लक्सर में 251 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह, एक ही मंच पर गूंजे वेद मंत्र और निकाह की दुआएं

 

खानपुर विधायक उमेश कुमार की पहल बनी सामाजिक सौहार्द और सेवा की मिसाल

 

 

 

लक्सर। खानपुर विधायक उमेश कुमार की ओर से मंगलवार को लक्सर में आयोजित 251 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह ने सामाजिक सेवा, मानवीय संवेदना और धार्मिक सौहार्द की एक अनूठी तस्वीर पेश की। हरिद्वार मार्ग पर पीपली गांव के समीप आयोजित इस भव्य समारोह में 251 कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। समारोह की सबसे खास बात यह रही कि एक ही आयोजन स्थल पर हिंदू कन्याओं का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ, जबकि मुस्लिम कन्याओं का निकाह मौलवियों ने इस्लामी परंपराओं के अनुसार पढ़ाया। एक ही मंच पर अलग-अलग धार्मिक परंपराओं के बीच विवाह समारोह संपन्न होने के दृश्य ने आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का खूबसूरत संदेश दिया।

कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ से आचार्य बालकृष्ण विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। पतंजलि योगपीठ के साधकों ने वैदिक मंत्रों के उच्चारण के साथ विवाह की रस्में संपन्न कराईं। वहीं मुस्लिम जोड़ों के निकाह की रस्में मौलवियों द्वारा पूरी कराई गईं। इस तरह समारोह में सभी धर्मों की परंपराओं और मान्यताओं का सम्मान करते हुए विवाह संपन्न कराए गए।

समारोह में पंजाबी संगीत जगत के मशहूर गायक मीका सिंह और बी प्राक ने भी शिरकत की। इसके अलावा बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के सुरक्षा अधिकारी शेरा, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा, यूट्यूबर अवध ओझा, जन अधिकार पार्टी की अध्यक्ष सोनिया शर्मा, धनंजय सिंह, अल्तमश सहित कई चर्चित हस्तियां और गणमान्य लोग कार्यक्रम में पहुंचे। सेलिब्रिटीज ने उपस्थित लोगों से संवाद किया और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बनाया।

इस अवसर पर आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा के कार्यों पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। समाज में ऐसे आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि खानपुर विधायक उमेश कुमार के प्रयास से आज 251 कन्याओं का घर बस रहा है, जो सराहनीय पहल है। उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

समारोह में पहुंचे फिल्म और संगीत जगत से जुड़े कलाकारों ने भी इस पहल की प्रशंसा की। उनका कहना था कि किसी जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह में सहयोग करना समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन में शामिल होकर उन्हें भी खुशी और गौरव की अनुभूति हो रही है।

खानपुर विधायक उमेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र की जनता ही उनका परिवार है और परिवार के सदस्य होने के नाते बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी निभाना उनका फर्ज है। उन्होंने कहा कि कन्याओं का विवाह कराकर उन्हें बेहद खुशी और आत्मिक संतोष मिला है। उनका प्रयास है कि समाज के जरूरतमंद परिवारों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक और जनकल्याणकारी आयोजन जारी रहेंगे।

विधायक की ओर से नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया, ताकि नवदंपति अपने नए जीवन की शुरुआत बेहतर ढंग से कर सकें। समारोह में विवाह की व्यवस्थाओं से लेकर रस्मों के आयोजन तक विशेष इंतजाम किए गए थे।

गौरतलब है कि खानपुर विधायक उमेश कुमार इससे पहले भी कन्याओं के सामूहिक विवाह के लिए बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं। इस बार 251 कन्याओं के विवाह का आयोजन न केवल जरूरतमंद परिवारों के लिए सहयोग का माध्यम बना, बल्कि हिंदू और मुस्लिम समुदायों की विवाह परंपराओं को एक ही आयोजन में सम्मान दिए जाने के कारण सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश भी दे गया।

समारोह में उमड़ी भीड़, विभिन्न क्षेत्रों की चर्चित हस्तियों की मौजूदगी और एक साथ संपन्न हुए विवाह एवं निकाह की रस्मों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *