उत्तराखंड

विकासनगर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप* 

विकासनगर के नशा मुक्ति केंद्र में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

 

केंद्र संचालक के आत्महत्या के दावे पर परिजनों ने उठाए सवाल, पुलिस ने सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में ली

 

विकासनगर (डॉ. बिलाल अंसारी) कोतवाली विकासनगर क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में मंगलवार, 24 नवंबर को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। मृतक की पहचान इमरान पुत्र रमजान, निवासी शिवपुरी, डाकपत्थर के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, इमरान नशा मुक्ति केंद्र में रह रहा था। मंगलवार को केंद्र में उसकी मौत हो गई। केंद्र संचालक की ओर से युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कही गई है, लेकिन मृतक के परिजन इस दावे को स्वीकार करने के बजाय मौत को संदिग्ध बता रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि युवक के शरीर पर चोट के निशान थे। इसी आधार पर उन्होंने केंद्र संचालक पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए उसकी गिरफ्तारी और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी आदित्य तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली विकासनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नशा मुक्ति केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर अपने कब्जे में ले ली है। इसके माध्यम से घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की जांच की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों, केंद्र संचालक के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। परिजनों ने मांग की है कि युवक की मौत की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस घटना ने क्षेत्र में संचालित नशा मुक्ति केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, वहां भर्ती लोगों की देखरेख और प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नशे की लत से छुटकारा दिलाने और लोगों को नई जिंदगी देने के उद्देश्य से संचालित ऐसे केंद्रों में भर्ती लोगों की सुरक्षा और उचित देखभाल सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

 

फिलहाल इमरान की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस संदिग्ध मौत को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *