
देवबंद में नज़र फाउंडेशन के तत्वावधान में शानदार मुशायरे का आयोजन
सहारनपुर (शिब्ली रामपुरी) उर्दू दिवस के मौके पर देवबंद में एक शानदार मुशायरे का आयोजन किया गया जिसमें शायरों ने देर रात तक अपने कलाम सुनाकर समां बांधे रखा.देवबंद में अल्लामा इकबाल के जन्मदिवस 9 नवंबर को उर्दू दिवस के रूप में मनाने की परंपरा को जारी रखते हुए नज़र फाउंडेशन देवबंद की ओर से बीती रात दारुल उलूम अशरफिया में एक शानदार मुशायरे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दारुल उलूम अशरफिया के मोहतमिम हजरत मौलाना मुफ्ती सालिम अशरफ कासमी ने की। इस अवसर पर उर्दू भाषा एवं साहित्य के प्रचार-प्रसार तथा उनकी शैक्षिक और साहित्यिक सेवाओं के सम्मान में फाउंडेशन की ओर से उन्हें अल्लामा इकबाल अवार्ड प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन डॉ. काशिफ अख्तर और नबील मसूदी ने किया। दीप प्रज्वलित करने की रस्म डॉ. सादिक अली ने अदा की, जबकि अय्यूब बेग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर नज़र फाउंडेशन के संयोजक नजम उस्मानी तथा सह-संयोजक शाहनवाज उस्मानी और शादाब उस्मानी ने अतिथियों एवं शायरों का स्वागत किया। फाउंडेशन के अध्यक्ष नजम उस्मानी ने शहर की सामाजिक और साहित्यिक सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों अय्यूब बेग, ताहिर हसन शिबली, डॉ. सादिक अली, जर्रार बेग, अंसार मसूदी, मुर्तजा कुरैशी, डॉ. फिरोज खान और मोहम्मद शारिक को सम्मान चिह्न भेंट कर उनकी सेवाओं का सम्मान किया।
मुशायरे में शायरों ने अपने खूबसूरत और विचारोत्तेजक कलाम से देर रात तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किए रखा। प्रस्तुत हैं कुछ चुनिंदा शेर:
उजैर अनवर
यह तीरगी बुरी नहीं अगर सुकून की नींद हो,
यह रोशनी अज़ाब है अगर न ख्वाब आ सकें।
डॉ. काशिफ अख्तर
अंधेरा दफ्अतन घबरा गया है,
मेरे हाथों में सूरज आ गया है।
जावेद आसी
मेरे महबूब जब तू बोलता है,
तेरी बातों में जादू बोलता है।
फिदा होने को दिल करता है तुझ पर,
तू जब हंस-हंस के उर्दू बोलता है।
अब्दुल्लाह रज़
डराते क्यों हो यार, मुझको समझ रखा है क्या मुर्दार मुझको,
मैं लड़ना चाहता हूं तीरगी से,
करो रोशन सरे-दीवार मुझको।
सरवर देवबंदी
कौन होता है तीर-ए-गम से परेशान सरवर,
वो तो अपनी ही किसी बात का रवैया होगा।
शमीम करतपुरी
एक हमसफर का साथ जरूरी है आजकल,
तन्हा सफर पे जाने की कोशिश न कीजिए।
नदीम अनवर
इतनी दौलतें मत दे जिससे गैर जल जाए,
मुझको सिर्फ इतना दे कि मेरा काम चल जाए।
डॉ. सादिक अली
तुम चाहते यही हो तो फिर साथ छोड़ दो,
लेकिन खुदा के वास्ते आघात छोड़ दो।
मजबूरियां वफाओं की दुश्मन तो हैं मगर,
यह क्या किसी को यूं ही बिना बात छोड़ दो।
नाहिद काविश समर
हर एक हाल में मिलनी थी मुफलिसी की सजा,
वो खुश दिखाई दिया है बहुत, रुला के मुझे।
मुशायरे में मौजूद तनवीर अजमल, जहांगीर खान सहित अन्य गणमान्य लोगों और शायरों ने भी अपने कलाम एवं विचारों से कार्यक्रम को यादगार बनाया।
इस अवसर पर नज़र फाउंडेशन के अध्यक्ष नजम उस्मानी ने कहा कि उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी तहजीब, संस्कृति, साझा विरासत और गंगा-जमुनी संस्कृति की खूबसूरत पहचान है। अल्लामा इकबाल के जन्मदिवस के अवसर पर उर्दू दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में उर्दू भाषा और साहित्य के प्रति प्रेम पैदा करना तथा इसके प्रचार-प्रसार के लिए व्यावहारिक प्रयास करना है।
उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से उर्दू दिवस के अवसर पर विभिन्न साहित्यिक, शैक्षिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से उर्दू भाषा की सेवा कर रहे हैं और यह सिलसिला भविष्य में भी जारी रहेगा।
अय्यूब बेग, जर्रार बेग, ताहिर हसन शिबली और अंसार मसूदी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए नज़र फाउंडेशन की इस साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि नजम उस्मानी और उनकी पूरी टीम पिछले कई वर्षों से जिस उत्साह और लगन के साथ उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रही है, वह बधाई की पात्र है। ऐसे आयोजन न केवल साहित्य और शायरी को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज में अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति जुड़ाव भी मजबूत करते हैं।
अध्यक्षीय संबोधन में हजरत मौलाना मुफ्ती सालिम अशरफ कासमी ने देश और कौम में अमन-शांति, आपसी एकता, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई। उन्होंने उपस्थित लोगों से संकल्प लेने की अपील की कि वे अपने बच्चों को उर्दू जरूर पढ़ाएं और अपने घरों में इस भाषा को सीखने तथा सिखाने का माहौल पैदा करें।
इस अवसर पर मुफ्ती ऐनुल हक, कारी कातिब, मुफ्ती इजहार, कारी मुफ्ती हस्सान राज़ी, मौलाना हसन आसामी, शाहनवाज उस्मानी, मोहम्मद कौकब, मोहम्मद हम्माद, नबील मसूदी, मोहम्मद शाहिद, हुसैन अहमद, असजद कुरैशी और परवेज अब्बासी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंत में यह शानदार मुशायरा प्रेम, भाईचारे, उर्दू से मोहब्बत और साहित्यिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ।





