उत्तराखंड

हज यात्रा 2027: दूसरी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर, देरी होने पर निरस्त हो सकती है सीट* 

हज यात्रा 2027: दूसरी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर, देरी होने पर निरस्त हो सकती है सीट

 

 

*उत्तराखंड राज्य हज समिति ने जारी किए निर्देश, प्रत्येक हज यात्री को जमा कराने होंगे 1.25 लाख रुपये*

 

कलियर (पंडित जावेद साबिर)। हज यात्रा 2027 के लिए आवेदन करने वाले उत्तराखंड के हज यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। उत्तराखंड राज्य हज समिति ने हज यात्रा की दूसरी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की है। निर्धारित समय सीमा के भीतर धनराशि जमा नहीं कराने वाले आवेदकों की हज सीट निरस्त होने की आशंका है। ऐसे में हज समिति ने सभी संबंधित आवेदकों से समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।

उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर के अनुपालन में हज-2027 के लिए चयनित यात्रियों को दूसरी किस्त के रूप में प्रति व्यक्ति 1 लाख 25 हजार रुपये जमा कराने होंगे। इसके लिए 30 नवंबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।

हज समिति ने धनराशि जमा कराने के लिए ऑनलाइन और बैंकिंग, दोनों माध्यमों की सुविधा उपलब्ध कराई है। आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग द्वारा भुगतान कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त हज सुविधा ऐप के जरिए भी दूसरी किस्त जमा कराई जा सकती है।

जो आवेदक बैंक के माध्यम से भुगतान करना चाहते हैं, वे भारतीय स्टेट बैंक अथवा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की संबंधित शाखाओं में अपने बैंक रेफरेंस नंबर के माध्यम से निर्धारित धनराशि जमा करा सकते हैं। हज समिति ने स्पष्ट किया है कि केवल धनराशि जमा कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि भुगतान के बाद उसकी रसीद संबंधित कार्यालय में जमा कराना भी आवश्यक है। बैंक के माध्यम से भुगतान करने वाले आवेदकों को अपनी पे-इन-स्लिप तथा ऑनलाइन भुगतान करने वालों को भुगतान की रसीद उत्तराखंड राज्य हज समिति के कार्यालय, हज हाउस पिरान कलियर में यथाशीघ्र जमा करानी होगी।

समिति के निर्देशों के अनुसार भुगतान संबंधी रसीद जमा नहीं कराने की स्थिति में आवेदक की आवश्यक औपचारिकताएं अधूरी रह सकती हैं। इसलिए सभी हज यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे धनराशि जमा करने के साथ-साथ उसकी रसीद भी निर्धारित कार्यालय में अवश्य उपलब्ध कराएं।

हज समिति ने आगाह किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि तक दूसरी किस्त जमा नहीं कराने वाले आवेदकों की हज यात्रा की सीट निरस्त की जा सकती है। इससे संबंधित यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उत्तराखंड राज्य हज समिति ने प्रदेश के सभी संबंधित हज आवेदकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते दूसरी किस्त जमा कराएं और भुगतान की रसीद हज हाउस पिरान कलियर में उपलब्ध कराकर अपनी औपचारिकताएं पूरी करें।

समिति ने हज यात्रियों से यह भी अपेक्षा की है कि वे भुगतान करते समय अपने बैंक रेफरेंस नंबर तथा अन्य आवश्यक विवरणों का विशेष ध्यान रखें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी अथवा बैंकिंग संबंधी परेशानी से बचा जा सके।

गौरतलब है कि हज यात्रा की तैयारियों में निर्धारित किस्तों का समय पर भुगतान एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। ऐसे में हज-2027 के आवेदकों के लिए 30 नवंबर की समय सीमा का पालन करना बेहद जरूरी है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *