मुंबई

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार* 

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार

*एक आरोपी नाबालिग, रेहान पहले भी अवैध हथियार रखने के मामले में जा चुका है जेल*

 

मुंबई (शिब्ली रामपुरी)। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो हरियाणा के सोनीपत और एक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और कुछ अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस जांच के दौरान हरियाणा के सोनीपत जिले के देवडू गांव से जुड़े रेहान का नाम सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रेहान पहले भी अवैध हथियार रखने के मामले में जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद वह वेल्डिंग का काम करने लगा था।

 

बताया जा रहा है कि रेहान करीब 12 साल पहले अपने पिता से अलग हो गया था। इसके बाद से वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ गांव में अपने मामा के घर पर रह रहा था। उसकी मां एक निजी कंपनी में काम करती है और इसी से परिवार का भरण-पोषण होता है।

इस मामले में गिरफ्तार दूसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है, जो सोनीपत का ही रहने वाला है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह पत्थर और टाइल्स लगाने का काम सीख रहा था। उसके पिता दिव्यांग हैं और ईंट तोड़कर मजदूरी करते हैं। इसी से परिवार की आजीविका चलती है।

 

फायरिंग जैसे गंभीर मामले में बेटे का नाम सामने आने के बाद परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों को यकीन नहीं हो रहा कि उनका बेटा इस तरह के गंभीर अपराध में शामिल हो सकता है। हालांकि, मामले में उसकी भूमिका और आरोपों की पुष्टि जांच तथा कानूनी प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है।

 

पुलिस ने तीसरे आरोपी को बिहार का निवासी बताया है। उसकी पहचान रितिक कुमार उर्फ रोशन के रूप में सामने आई है। पुलिस उसकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

 

मुंबई पुलिस इस पूरे मामले में आरोपियों के आपसी संपर्क, फायरिंग के पीछे की वजह और संभावित अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपियों की कथित भूमिका की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *