ईडी की कार्रवाई पर कांग्रेस विधायक काजी निजामुद्दीन ने भाजपा पर साधा निशाना
मंगलौर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सहायक पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इसी मामले को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने प्रेस वार्ता कर ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
काजी निजामुद्दीन ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में चुनाव नजदीक आते ही ईडी और सीबीआई की कार्रवाई शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दे दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास सीबीआई, आयकर विभाग और ईडी के अलावा कोई सहारा नहीं बचा है। विधायक ने कहा कि ईडी जिस मामले को नोटबंदी से पहले का प्रकरण बता रही है, यदि यह मामला इतना पुराना है तो पिछले करीब दस वर्षों से सत्ता में रही डबल इंजन की सरकार अब तक क्या कर रही थी। उन्होंने ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश बताया।
काजी निजामुद्दीन ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई के जरिए जनता का ध्यान इन मूलभूत मुद्दों से हटाने का प्रयास किया जा रहा है।


