
जीआरपी लक्सर की बड़ी कार्रवाई, दो मुकदमों में आरोपी गिरफ्तार
रुड़की रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया आसिफ, दोनों मामलों में नकदी बरामद
लक्सर/रुड़की। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी उत्तराखंड को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जीआरपी लक्सर पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमों में वांछित बताए जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जीआरपी उत्तराखंड सुश्री अरुणा भारती तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे हरिद्वार श्री अनुज के दिशा-निर्देशन में की गई। थाना जीआरपी लक्सर के प्रभारी निरीक्षक राजीव चौहान के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस टीम रेलवे अपराधों के मामलों में आरोपियों की तलाश कर रही थी।
इसी क्रम में थाना जीआरपी लक्सर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 22/2026, धारा 305(2) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 24/2026, धारा 304(2) बीएनएस में पुलिस को सफलता मिली।
जीआरपी लक्सर पुलिस टीम ने दोनों मुकदमों में आरोपी बताए गए आसिफ पुत्र तोहसिन, उम्र करीब 24 वर्ष, निवासी एकता कॉलोनी, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर को 6 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे रुड़की रेलवे स्टेशन के पास किलोमीटर संख्या 1556/47 के समीप अप लाइन के किनारे स्थित छोटे अंडरपास के ऊपर से गिरफ्तार किया।
दो मामलों में नकदी बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से दोनों मुकदमों से संबंधित नकदी बरामद की गई।
– मुकदमा अपराध संख्या 22/2026 में ₹3,650 की नकदी बरामद।
– मुकदमा अपराध संख्या 24/2026 में ₹5,000 की नकदी बरामद।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध दोनों अभियोगों में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पहले भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 9/2026, धारा 317(2) बीएनएस, थाना जीआरपी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश में दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुशील कुमार तिवारी, प्रभारी चौकी जीआरपी रुड़की, हेड कांस्टेबल 32 अनिरुद्ध त्यागी, कांस्टेबल 164 जाहुल हसन, कांस्टेबल 04 संदीप कुमार तथा कांस्टेबल 43 चन्द्रकिरण शामिल रहे।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अभियान आगे भी जारी रहेगा।






