बेटी की जन्मदिन पार्टी में नहीं बुलाने को लेकर हुआ विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या
सेलाकुई: सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे के परिचित थे तथा दोनों जमनपुर क्षेत्र में एक ही बिल्डिंग में किराये पर रहते थे।
पुलिस के अनुसार, घटना की वजह आरोपी की बेटी के पहले जन्मदिन पर आयोजित पार्टी में मृतक को नहीं बुलाया जाना बनी। बताया गया कि दोनों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। जन्मदिन की पार्टी के दौरान दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। इसी दौरान मृतक द्वारा आरोपी को थप्पड़ मारने के बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर चाकू से उसके सीने पर वार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर की देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना सेलाकुई को सूचना मिली कि जमनपुर क्षेत्र में दो लोगों के बीच विवाद के दौरान एक युवक को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही सेलाकुई पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से सुभारती अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान राजपाल (25 वर्ष), पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम फोटे कुआं, थाना बरखेड़ा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार राजपाल वर्तमान में सेलाकुई के जमनपुर क्षेत्र में मनोज की बिल्डिंग में किराये पर रह रहा था।
पुलिस जांच के अनुसार 21 सितंबर को आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का पहला जन्मदिन था। इस अवसर पर उसके घर पर जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी। पुलिस के मुताबिक पुराने विवाद के कारण राजपाल को पार्टी में आमंत्रित नहीं किया गया था।
पुलिस का कहना है कि करीब 10-15 दिन पहले भी दोनों के बीच शराब के नशे में खाने-पीने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। जन्मदिन की पार्टी के दौरान बिल्डिंग के बाहर रास्ते में दोनों आमने-सामने आ गए और किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
बताया गया कि विवाद के दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और इसी दौरान राजपाल ने जितेंद्र को थप्पड़ मार दिया। पुलिस के अनुसार इसके बाद जितेंद्र ने कथित तौर पर चाकू निकालकर राजपाल के सीने पर वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना सेलाकुई में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ आरोपी की तलाश तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को आरोपी जितेंद्र कुमार (25 वर्ष), पुत्र दयाराम, निवासी ग्राम मीरपुर हेमूपुर, तहसील बीसलपुर, थाना बिलसंडा, जिला पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी जमनपुर सेलाकुई, को मेंटल हॉस्पिटल रोड से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 21 सितंबर को उसकी बेटी का पहला जन्मदिन था और उसने घर पर पार्टी रखी थी। पुराने विवाद के चलते उसने राजपाल को पार्टी में नहीं बुलाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि राजपाल द्वारा थप्पड़ मारे जाने के बाद वह गुस्से में आ गया और उसने चाकू से राजपाल पर वार कर दिया। हालांकि, मामले में पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया आगे जारी है।
हत्या के मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक शैंकी कुमार, थानाध्यक्ष सेलाकुई, उपनिरीक्षक मनोज नौटियाल, थानाध्यक्ष सहसपुर, उपनिरीक्षक सुमेर सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज शुक्ला, कांस्टेबल संजीत और कांस्टेबल सुधीर शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का दावा किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




