उत्तराखंड

*माया देवी यूनिवर्सिटी में चला ड्रग टेस्ट अभियान, 47 विद्यार्थियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव* *विद्यार्थियों ने भी लिया नशे के खिलाफ

माया देवी यूनिवर्सिटी में चला ड्रग टेस्ट अभियान, 47 विद्यार्थियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव

*विद्यार्थियों ने भी लिया नशे के खिलाफ जागरूकता का संकल्प*

सेलाकुई। (डॉ. बिलाल अंसारी) नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को थाना सेलाकुई पुलिस ने जिला चिकित्सालय देहरादून के चिकित्सकों के साथ संयुक्त रूप से माया देवी यूनिवर्सिटी परिसर में जागरूकता एवं ड्रग टेस्ट अभियान चलाया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
यह अभियान एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने जिला चिकित्सालय देहरादून के चिकित्सकों के सहयोग से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सहमति से ड्रग टेस्ट के लिए नमूने लिए।
अभियान के दौरान करीब 47 छात्र-छात्राओं के ड्रग टेस्ट किए गए। जांच के बाद सभी विद्यार्थियों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। सभी रिपोर्ट निगेटिव आने पर पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने राहत की सांस ली।
ड्रग टेस्ट के साथ ही पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। छात्र-छात्राओं को बताया गया कि नशे की लत केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर उसके मानसिक स्वास्थ्य, परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य पर भी पड़ता है।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे से स्वयं दूर रहें और अपने मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे से बचने के लिए जागरूक करें
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी भी दी। विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के अवैध सेवन, बिक्री और तस्करी से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया।
पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की नशीली वस्तु की बिक्री, तस्करी या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के जागरूकता अभियानों में उत्साहपूर्वक सहयोग करने की बात कही। विद्यार्थियों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज में लगातार जागरूकता फैलाने की जरूरत है।
छात्र-छात्राओं ने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के युवाओं को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में सहयोग करेंगे।
सेलाकुई पुलिस के अनुसार युवाओं को नशे से बचाने तथा क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जागरूकता और जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के साथ-साथ नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *