उत्तराखंड

अधिवक्ता के कार्यालय में घुसकर बवाल! बंधक बनाने और धमकी देने का आरोप

अधिवक्ता के कार्यालय में घुसकर बवाल! बंधक बनाने और धमकी देने का आरोप

आधा दर्जन से अधिक लोगों पर गंभीर आरोप, लाखों रुपये मांगने का भी दावा; पटेलनगर थाने में दी तहरीर

देहरादून। थाना पटेलनगर क्षेत्र में एक अधिवक्ता के कार्यालय में कथित रूप से घुसकर अभद्रता करने, कार्यालय में मौजूद अधिवक्ता और उनके पुत्र को करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखने तथा जान-माल की धमकी देने का मामला सामने आया है। अधिवक्ता मोहम्मद मूसा खान ने 21 अगस्त 2026 को थाना पटेलनगर में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, 20 अगस्त की शाम करीब 7:20 बजे एक व्यक्ति ने अधिवक्ता के मोबाइल फोन पर संपर्क किया और अपना नाम तालीम हसन बताया। आरोप है कि कुछ देर बाद तालीम हसन अपने साथ आस मोहम्मद, गालिब, मुनीर तथा अन्य लोगों को लेकर कैलाशपुर, मेहूंवाला माफी स्थित अधिवक्ता के कार्यालय में पहुंचा।

अधिवक्ता द्वारा दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कार्यालय में पहुंचने के बाद उक्त लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कार्यालय में रखा सामान इधर-उधर फेंक दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस दौरान उन्हें और उनके पुत्र सुहैल को कार्यालय के अंदर करीब दो घंटे तक कथित रूप से बंधक बनाकर रखा गया।

शिकायत में आरोप है कि इस दौरान उनसे पांच लाख रुपये की मांग की गई, जबकि आस मोहम्मद की मां की ओर से दस लाख रुपये की मांग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। अधिवक्ता के अनुसार, आरोपितों ने उन्हें कथित रूप से गंभीर परिणाम भुगतने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, कार्यालय से शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार्यालय का दरवाजा खुलवाया। इसके बाद अधिवक्ता और उनके पुत्र की जान बच सकी। अधिवक्ता ने बताया कि उन्होंने रात करीब 9:20 बजे पुलिस के 100 नंबर पर फोन कर मदद मांगी, लेकिन पुलिस सहायता पहुंचने तक संबंधित लोग मौके से जा चुके थे।

अधिवक्ता ने अपनी शिकायत में यह भी आशंका जताई है कि आरोपित प्रभावशाली एवं आपराधिक प्रवृत्ति के लोग हैं और उनके परिवार के सदस्यों को जान-माल का नुकसान पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से स्वयं तथा परिवार के सदस्यों को सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *