
नशे के खिलाफ हरिद्वार की हुंकार, मिनी मैराथन से दिया जागरूकता का संदेश
*अतुल्य फाउंडेशन और हरिद्वार पुलिस की संयुक्त पहल, बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा*
हरिद्वार (दीपक मौर्य) नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और युवाओं को नशामुक्त जीवन के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को अतुल्य फाउंडेशन और हरिद्वार पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में ‘रन अगेंस्ट ड्रग्स मिनी मैराथन’ का आयोजन किया गया। ऋषिकुल मैदान से शुरू हुई इस मैराथन में जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों, युवाओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मिनी मैराथन का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मेयर किरण जैसल, एसपी सिटी दीपक सिंह, आक्म्स परिवार की मुखिया अर्चना जैन और प्रज्ञा दीक्षित ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
निर्धारित मार्ग के अनुसार मैराथन ऋषिकुल मैदान से शुरू होकर रानीपुर मोड़, आर्य नगर, ज्वालापुर रेलवे स्टेशन, भगत सिंह चौक, टिबड़ी अंडरपास और पुराना रानीपुर मोड़ से होते हुए वापस ऋषिकुल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों का उत्साह देखने लायक रहा।
मैराथन में अलग-अलग श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रोफेशनल श्रेणी में सागर पाल ने प्रथम, यश कुमार ने द्वितीय और नितिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर सिटीजन वर्ग में मुनीराम प्रथम, विनीत जेलान द्वितीय और योगेंद्र तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में शिवांगी ने पहला, अंजलि ने दूसरा और राधिका ने तीसरा स्थान हासिल किया।
आयोजन के दौरान अतुल्य फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष महावीर नेगी, वरिष्ठ पत्रकार रूपेश वालिया, विशाल गोस्वामी, ओमप्रकाश, आदित्य गोस्वामी, प्रेस क्लब के महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल, वरिष्ठ पत्रकार अश्वनी अरोड़ा और मुदित अग्रवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।





